28.5c India
Breaking News:

Most Popular

image
19 Jun, 2022 by Ardh Sainik News

मध्य प्रदेश पंचायत चुनाव: सिंगरौली में पंचायत सचिव सुखराम सिंह की तीन पत्नियां चुनावी मैदान में, सस्पेंड

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में तैनात एक पंचायत सचिव की तीन पत्नियां हैं और खास बात यह है कि वे तीनों ही पंचायत चुनाव में प्रत्याशी हैं। जी हां! देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र के घोघरा में तैनात सुखराम सिंह की तीन पत्नियां चुनावी मैदान में हैं। सुखराम ने तीन पत्नियों के होने की जानकारी छिपाई थी, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है।

पंचायत सचिव सुखराम सिंह की तीन पत्नियां त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में हिस्सा ले रही हैं। सुखराम की दो पत्नियां कुसुम कली सिंह और गीता सिंह पीपरखाड़ ग्राम पंचायत में सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। वहीं सुखराम की तीसरी पत्नी उर्मिला सिंह देवसर के वार्ड क्रमांक 13 से जनपद सदस्य पद के लिए चुनावी मैदान में उतरी हैं। सिंह ने तीन पत्नियां होने की जानकारी छिपाई थी, जिसके बाद उन्हें सस्पेंड करके जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।

सुखराम को किया गया सस्पेंड

दरअसल जनपद पंचायत के सीईओ ने सभी कर्मचारियों से उनके परिवार के संबंध में जानकारी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि अगर किसी कर्मचारी के रिश्तेदार या परिवार के सदस्य चुनाव लड़ रहे हैं तो इसकी जानकारी विभाग को उपलब्ध कराई जाए। पंचायत सचिव सुखराम सिंह ने अपनी दो पत्नियों की जानकारी सीईओ को दी थी, लेकिन एक की जानकारी छिपा ली थी। मामला सामने आने के बाद सीईओ ने पहले सुखराम को कारण बताओ नोटिस जारी किया और फिर जवाब न देने पर तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करके जिला मुख्यालय से अटैच कर दिया।

सुखराम ने 2 साल पहले की है तीसरी शादी

जानकारी के मुताबिक, सुखराम की पहली शादी 30 साल पहले कुसुम कली सिंह हुई थी। इसके बाद करीब 10 साल पहले उन्होंने गीता सिंह से और फिर 2 साल पहले उर्मिला सिंह से शादी की। सुखराम की दूसरी पत्नी गीता पीपरखाड़ से निवर्तमान सरपंच हैं। गीता से कुछ विवाद के चलते सुखराम ने पहली पत्नी कुसुम कली सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है।